नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ थाना के तहत दैहणी गांव में एक जमींदार के खेतों से कुछ लोग गेहूं काटकर ले गए। यहां गेहूं काटने आई पांच महिलाओं को साथ खड़े लोग सारी फसल काटने को उकसा रहे थे। जाते-जाते हमलावर पीड़ित परिवार को जान से मारने की भी धमकियां दे गए।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में हिम्मत सिंह पुत्र माघी राम निवासी गांव दैहणी डाकघर मूसेवाल, तहसील आनंदपुर साहिब जिला रोपड़ ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करते हैं। इसने अपनी पत्नी अजमेर कौर के नाम पर गांव कुलाड़ी डाकघर कालीबाड़ी तहसील नालागढ़ में जमीन ले रखी है। वह और इनका बेटा राजेंद्र सिंह अपने खेतों में उगी गेहूं की फसल देखने गए थे लेकिन वहां पर सुरजीत कौर पत्नी वयारा सिंह और अरमजीत कौर पत्नी गुरमीत सिंह अपनी तीन पुत्र बहुओं के साथ आए और गेहूं काटकर ले गए। यही नहीं गुरमेश कौर पत्नी किरपाल सिंह और गुरमीत सिंह पुत्र बचनू, पप्पू पुत्र उजागर सिंह तथा इनके परिवार के अन्य आधा दर्जन लोग मौके पर टावर तथा झाड़ियों के पीछे छुपे थे। यह लोग गेहूं काट रही महिलाओं को उकसा रहे थे कि सारी फसल काट दो उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। एसपी रानी बिंदू सचदेवा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले के अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मामले की जांच जोघों चौकी पुलिस को सौंप दी है।