परवाणू (सोलन)। इंटक (संजीवा रेड्डी) के प्रदेशाध्यक्ष हरदीप सिंह बाबा पर जानलेवा हमले के बाद शुक्रवार को परवाणू में दिन भर तनाव का माहौल बना रहा। बावा समर्थकों ने सड़क पर उतर कर भाजपा और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बावा समर्थकों ने बाजार में दुकानें भी बंद करवा दीं। भारी संख्या में हुजूम नारेबाजी करता हुआ बाजार में प्रदर्शन करता रहा। किसी भी तरह की हिंसक झड़प को रोकने के लिए परवाणू को पुलिस ने पूरी तरह से छावनी में बदल दिया और चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मचारी तैनात रहे।
युवा इंटक के प्रदेशाध्य्क्ष यशपाल ठाकुर के नेतृत्व में इंटक कार्यकर्ताओं व ट्रक, कैंटर यूनियन व बाबा समर्थकों ने हमले की पूरी जिम्मेदारी भाजपा पर मढ़ दी। साथ ही प्रशासन व पुलिस को हमले को नाकाम न कर पाने और पूर्व में हुए हमलों के बावजूद किसी को गिरफ्तार न करने के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी ट्रक यूनियन परवाणू व कैंटर यूनियन से शहर में रैली निकालकर अपना विरोध व्यक्त किया। बावा हरदीप सिंह पर हमले के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।
इंटक युवा प्रदेशाध्यक्ष यशपाल ठाकुर ने वर्तमान प्रदेश सरकार को परवाणू में अराजकता की स्थिति के लिए जिम्मेवार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में किसी भी भाजपा कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला नहीं हुआ। लेकिन इस सरकार में दिनदहाड़े लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं और सरकार की चुपी जगजाहिर है। इससे शहर में अपराधियों के हौसले बढ़े हैं जिनको राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।
उद्योग से माल नहीं उठाएंगी गाड़ियां
ट्रक और कैंटर यूनियन के ऑपरेटरों के बावा के हमलावरों की गिरफ्तारी तक माल न उठाने का एलान किया है। इससे उद्योगों में संकट के बादल घिर गए हैं। ऑपरेटर मंत्री डॉ. राजीव सैजल को उनके बीच उपस्थित होने तक की मांग कर रहे हैं। परवाणू में बावा हरदीप सिंह पर जानलेवा हमले पर भाजपा पदाधिकारी की गिरफ्तारी से कनेक्शन जुड़ने से हर कोई अचंभित है। परवाणू में शुक्रवार को उद्योगों से ट्रक, कैंटर यूनियन ऑपरेटरों ने माल नहीं उठाया जिससे परवाणू के उद्योगों में घबराहट रही।
उद्योग विभाग ने की हालात सुधारने की मांग
परवाणू उद्योग संघ ने जिला प्रशासन को उक्त स्थिति में तुरंत सुधार लाने का आग्रह किया है। उद्योगों का तैयार माल समय पर व्यापारियों को पहुंचाया जा सके। उद्योगों को नुकसान न उठाना पड़े।
उपायुक्त विनोद कुमार का कहना है कि पुलिस को मामले पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।