सोलन। थाना परवाणू क्षेत्र में नाबालिग युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने अपहृत युवती के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर खोजबीन शुरू कर दी है। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की उम्र 17 वर्ष है और वो पंचकूला के एक निजी स्कूल में पढ़ाई कर रही है। बुधवार को उसकी सहेली को चोट आई थी। इसका उपचार करवाने के लिए वो अपनी सहेली के साथ पंचकूला गई थी। लेकिन वहां से वापस नहीं लौटी। बेटी के घर वापस न आने के बाद उन्होंने उसकी तलाश हर जगह की। सहेली के परिजनों से पूछताछ के बाद संबंधित अस्पताल में भी पता किया। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परवाणू थाना के तहत भादंसं की धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है और परिजनों की बताई जगहों पर युवती को बरामद करने के लिए दबिश दी जा रही है।
अर्की में दो लोगों ने रास्ता रोककर धुना राहगीर
सोलन। पुलिस ने थाना अर्की के तहत मुकेश कुमार निवासी अर्की की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ रास्ता रोकने और मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त प्रमोद के साथ गाड़ी में बैठकर घर जा रहा था। पुराना बस स्टैंड के पास पप्पू और राजू ने उसकी गाड़ी को रोककर उनके साथ मारपीट की। एसपी मोहित चावला ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।