अमर उजाला ब्यूरो
दाड़लाघाट (सोलन)। ग्राम पंचायत पारनू के ठेरा गांव के एक व्यक्ति के खाते से बिना एटीएम और बिना पिन नंबर के 40 हजार रुपये उड़ाने की शिकायत दर्ज की गई है। पीड़ित व्यक्ति ने अपनी यह शिकायत शिमला के सदर थाना में दर्ज करवाई है। इसमें पीड़ित व्यक्ति ठेरा निवासी नंदलाल मेहता ने बताया है कि उसका शिमला कालीबाड़ी स्थित एसबीआई बैंक शाखा वाले अकाउंट से शातिर अंदाज में बिना उनका एटीएम, पिन संख्या और ओटीपी संख्या साझा किए ही शातिर ने उनके खाते से 40 हजार निकाल लिए।
नंदलाल मेहता को बैंक के साथ रजिस्टर्ड फोन नंबर पर मेसेज प्राप्त हुआ कि संदेहास्पद लेनदेन के कारण आपका एटीएम कार्ड ब्लॉक कर दिया गया है। इसके बावजूद हैकर लगातार उनके अकाउंट से पैसा निकालने की कोशिश करता रहा। इसके मोबाइल पर मेसेज आते रहे कि 150 कोड ब्लॉक ट्रांजेक्शन के कारण अदायगी नहीं की जा सकती। नंदलाल मेहता का कहना है कि इसके बावजूद भी दूसरे दिन सुबह कोलकाता के रहने वाले एक व्यक्ति बाबन बैन ने मेरे खाते से एटीएम संख्या 04292 स्विच सेंटर बेलापुर में उक्त पैसा अपने खाते में ट्रांसफर कर दिया। इसका संदेश नंदलाल मेहता को मोबाइल पर प्राप्त हो गया।
हैकर का नाम और एटीएम संख्या नंदलाल मेहता की पासबुक में भी एंटर हो चुका है। 18 जून की सुबह नंदलाल मेहता ने तुरंत शिमला जाकर एसबीआई बैंक ब्रांच के नोटिस में मामला लाया। बैंक से उन्हें आश्वासन मिला कि इस बारे में छानबीन की जाएगी और 10 -12 दिन में प्रक्रिया पूरी कर मामला सुलझा लिया जाएगा। नंदलाल मेहता ने शिमला में भी उक्त राशि के फ्रॉड के बारे में सदर थाना सब्जी मंडी शिमला में एफआईआर दर्ज करवाई है लेकिन आज तक न तो बैंक से किसी कार्रवाई की सूचना मिली है और न ही पुलिस ने कोई सूचना प्राप्त हुई है।
साइबर क्राइम ब्रांच शिमला डीएसपी नरवीर सिंह राठौर ने बताया कि अभी पुलिस थाने से उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। यदि थाना में इस तरह का कोई मामला दर्ज किया गया है तो इसकी जांच की जाएगी।