अमर उजाला ब्यूरो
कंडाघाट(सोलन)। कालका-शिमला एनएच पर कंडाघाट के समीप दो मालवाहक गाड़ियों की आपसी टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना वीरवार देर रात करीब दो बजे की है। गाड़ियों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पिकअप सड़क पर ही पलट गईं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पिकअप के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां पर एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार कालका-शिमला एनएच पर वीरवार देर रात करीब दो बजे एक बोलेरो कैंपर चंडीगढ़ से किन्नौर सामान लेकर जा रही थी। एक अन्य महेंद्रा पिकअप ट्रिप्पल एच होटल के पास एनएच पर आपस में टकरा गईं। दोनों वाहनों में टक्कर इतनी भयंकर हुई कि दोनों ही सड़क के किनारे पलट गई। इस घटना में बोलेरो कैंपर के 26 वर्षीय चालक रामदेव पुत्र बादशाह निवासी सैवानपुर (यूपी) की गाड़ी पलटने से वह उसी के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई जबकि अन्य दो लोग गंभीर घायल हो गए।
इस दौरान स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठे हो गए और बचाव कार्य में लग गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृत व्यक्ति के शव को कब्जे में लेकर उसके परिजनों की इसकी सूचना देकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेज दिया। एएसपी सोलन ने मामले की पुष्टि कर बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।