अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। मां शूलिनी मेले से ठीक पहले सोलन शहर में चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। चोरों ने मंगलवार दिन के समय घर में सेंधमारी कर हजारों रुपये की नकदी और लाखों के आभूषण पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। चोरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल के साथ डॉक्टरों के सरकारी आवास में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से शहर में हड़कंप मच गया है। पीड़ित डॉ. संजीव गुप्ता पुत्र डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि उनके घर में दिन के समय सुबह ग्यारह से दो बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। जिस समय वारदात हुई, वे घर में मौजूद नहीं थे। जब वे वापस आए तो उन्हें चोरी का एहसास हुआ।
उन्होंने बताया कि चोर घर से करीब 25 हजार रुपये नकद, एक किटी सेट, एक डायमंड सेट, सोने की पांच तिल्ली, अंगुठी, दो बाली व पांच जोड़ी झुमके ले गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही चोरों का पता लगा लेगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी की मदद ली जा रही है। घटना दिन के समय हुई है, इसलिए आसपास के लोगों से संदिग्ध दिखने वालों की पूछताछ की जा रही है।