नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ स्थित यूको बैंक एटीएम की लूट की वारदात को सजायाफ्ता मुजरिमों ने अंजाम दिया। डकैती के एक मामले में सात-सात की सजा काटकर बाहर निकले इन आरोपियों ने नालागढ़ से पहले परवाणू स्थित एटीएम की लूट को अंजाम दिया।
वहीं, बरोटीवाला से भी एटीएम लूटने का प्रयास किया। ये आरोपी इतने शातिर हैं कि वारदात के समय अपने साथ मोबाइल नहीं रखते हैं। एटीएम की लूट में चोरी के वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। पुलिस ने इनकी एक साल की कॉल डिटेल को आधार बनाकर लूट के मामले में कनेक्शन जोड़ते हुए मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस के हाथों अभी तक एक आरोपी लगा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे। इन आरोपियों पर लूट व चोरी के करीब दो दर्जन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। कई मामलों में ये वांछित चल रहे हैं।
रिकवरी वैन में ही ले गए थे एटीएम
ये आरोपी यूको बैंक के एटीएम को उखाड़कर रिकवरी वैन में फंसा कर नालागढ़ से करीब पांच किलोमीटर दूर खरूणी ले गए। यहां खरूणी से जाने वाले संपर्क मार्ग पर रिकवरी वैन को ले गए जहां इन्होंने एटीएम को पिकअप में डाला। रिकवरी वैन को यहीं छोड़कर फिर हाईवे पकड़कर बद्दी होते हुए एसपी कार्यालय के सामने बरोटीवाला और कालूझिंडा की ओर निकल गए। आरोपियों का कहीं पर कोई स्थायी ठिकाना नहीं है। ये अपना ठिकाना बदलते रहते हैं ताकि पुलिस इन तक न पहुंच सके। पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी मुरादाबाद यूपी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पहले स्थान की रैकी करते हैं और उसके बाद समय व तारीख निर्धारित कर वारदात को अंजाम देते हैं।
सामूहिक प्रयास से सुलझा मामला
डीएसपी नालागढ़ चमन लाल ने बताया कि पुलिस टीम के सामूहिक प्रयासों से लूट की इस वारदात को सुलझाया गया है। परवाणू के एटीएम लूट कांड और बरोटीवाला में एटीएम के लूट का प्रयास भी इसी गिरोह ने किया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी से लूट व चोरी की अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।