अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (सोलन)। जंगल में लगी आग वीरवार को धर्मपुर का तपेदिक (टीबी) अस्पताल तक पहुंच गई। अस्पताल की पार्किंग तक भयानक आग पहुंच गई। जिस समय पार्किंग के आसपास आग लगी, वहां 10 एंबुलेंस और एक पिकअप खड़ी थी। अस्पताल स्टाफ ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी और विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। करीब एक घंटे तक दो गाड़ियों से अग्निशमन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी रही। टीम ने आग बुझाकर पार्किंग में खड़ी सभी 10 एंबुलेंस और एक पिकअप गाड़ी को सुरक्षित बचा लिया।
तपेदिक अस्पताल जंगल के पास ही है। इस अस्पताल की पार्किंग में 108 एंबुलेंस के बेड़े की नई गाड़ियां खड़ी रहती हैं। यदि ये गाड़ियां आग की चपेट में आती तो भयानक नुकसान हो सकता था। अग्निशमन विभाग की मानें तो एक 108 एंबुलेंस की कीमत 16 लाख है। ऐसे में विभागीय टीम ने करीब एक करोड़ 16 लाख की संपत्ति के अलावा पास ही तपेदिक अस्पताल और उसमें दाखिल व उपचार करवाने के लिए पहुंचे कई मरीजों को सुरक्षित बचा लिया है।
वीरवार को सोलन में जंगल बुरी तरह से दहक रहे थे। धर्मपुर, कसौली, सनवारा, सुबाथू समेत अलग-अलग जगहों पर आग की कई घटनाएं हुई। इसमें भयंकर आग का सामना अग्निशमन विभाग को करना पड़ा है। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद तपेदिक अस्पताल और पार्किंग में खड़ी एंबुलेंस को बचा लिया है।
करोड़ों की संपत्ति का नुकसान होने से बचाया : राजा राम
अग्निशमन विभाग प्रभारी राजा राम का कहना है कि जंगल की आग तपेदिक अस्पताल की पार्किंग तक पहुंच गई थी। जीवीके कंपनी की दस 108 एंबुलेंस खड़ी थी जो आग की चपेट में आ सकती थी। अग्निशमन कर्मचारियों ने समय रहते इन्हें आग से बचा लिया है। उन्होंने कहा कि अग्निशमन कर्मचारियों ने आग को बुझाकर करोड़ों की संपत्ति को जलने से बचाया।