अर्की (सोलन)। एनएच-205 की खस्ता हालत को लेकर एक व्यक्ति ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ दाड़लाघाट थाना में शिकायत की है। इसमें उक्त व्यक्ति ने मार्ग की हालत को देखते हुए मैजिस्ट्रेट जांच की भी मांग रखी है।
जानकारी के अनुसार रजनीश शर्मा निवासी शिकरोह एवं अधिवक्ता जिला व सत्र न्यायालय बिलासपुर ने थाना दाड़लाघाट में संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ शिकायत पत्र देकर एफआईआर दर्ज करने और मैजिस्ट्रेट जांच की मांग। एमएचए में हिमाचल ही नहीं बल्कि पूरे भारत से सैलानी छोटे-बड़े वाहनों में हिमाचल की सुंदरता को निहारने के लिए आते हैं।
वहीं सीमेंट कंपनियों के हजारों ट्रकों की भी रोजाना यहां से आवाजाही होती है। लेकिन मार्ग की खस्ता हालत के चलते सभी वाहन चालकों सहित अन्य लोगों परेशानी झेलनी पड़ती है। विभाग रखरखाव के नाम पर आज तक खानापूर्ति करते रहे हैं जबकि सड़क सुविधा के नाम पर जम कर टैक्स वसूला जाता है।
डीएसपी दाड़लाघाट अमित शर्मा ने बताया कि एनएच की खस्ता हालत को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ शिकायत पत्र मिला है। उन्होंने बताया कि यदि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का प्रावधान होगा तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एनएचएआई के निदेशक योगेश राउत ने बताया कि मार्ग की खस्ताहाल का मामला उनके संज्ञान में जिसको दो दिनों के अंदर दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।