सोलन। चंबाघाट-बावरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप घर में गैस सिलिंडर में आग लग गई। आग से कोई जानमाल को नुकसान नहीं हुआ लेकिन क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े दस की है जिसके बाद सूचना दमकल विभाग को दे दी गई। वहीं दमकल विभाग की टीम ने मौके का जायजा लिया। सिलिंडर में आग लगने से आसपास के कई घरों को भी खतरा पैदा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार चंबाघाट-बावरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप एक घर में गैस सिलिंडर से रिसाव हो रहा था जिसका घर वालों को पता नहीं चला। उन्होंने जैसे ही गैस जलाने की कोशिश की तो सिलिंडर ने आग पकड़ी, क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। इस बीच घर के सदस्यों ने हिम्मत जुटाते हुए जलते सिलेंडर को उठा कर घर के बाहर फेंक दिया। इसके बाद साथ लगती एक निजी कंपनी से फायर सिलिंडर लाकर आग पर काबू पा लिया। इस बीच दमकल विभाग की टीम को भी इसकी सूचना दी गई। वहीं टीम ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया।
दमकल विभाग फायर ऑफिसर महेश शर्मा ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडर में आग की सूचना उन्हें मिली थी जिसके बाद उनकी टीम मौके के लिए रवाना हो गई। हालांकि, लोगों ने पहले ही आग पर काबू पा लिया था। आग से कोई जान-माल की हानि नहीं हुई।