बद्दी के गत्ता, प्लास्टिक उद्योग में भड़की आग, लाखों का सामान राख
उद्योगों में तैयार और कच्चा माल जला, नुकसान के आकलन करने में जुटे विभाग
पुलिस ने दर्ज किया मामला, हादसे की जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। दून विस के बद्दी स्थित प्लास्टिक उद्योग में आधी रात को भयंकर आग ने साथ लगते गत्ता उद्योग को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाते-बुझाते दोनों उद्योग राख में तब्दील हो गए। श्री गणेश इंडस्ट्रीज के एमडी संजय कुमार और राधा देवी ने बताया कि उन्हें रात करीब दो बजे फोरमैन का फोन आया कि फैक्ट्री में आग लग गई है। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया। करीब ढाई बजे फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही मिनट में आग पूरे परिसर को खाक कर बाहर खड़ी पिकअप गाड़ी, तैयार माल, कच्चा सामान, कंप्यूटर, मशीनरी, भवन सहित सभी राख में तबदील को गए। देखते ही देखते आग साथ लगते गत्ता उद्योग की दूसरी मंजिल पर भड़क गई जहां पर कागज, गत्ते का कच्चा और तैयार माल होने के कारण सभी कुछ जल कर राख हो गया। करीब साढ़े तीन घंटे की लंबी जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक दोनों उद्योग जलकर राख हो चुके थे। प्लास्टिक उद्योग के एमडी संजय कुमार ने बताया कि आग से उन्हें भारी नुकसान पहुंचा है। प्लाट नंबर 1-14 मेसर्स बनवारी लाल पैकेजिंग के एमडी अंकुश गोयल ने कहा कि आग प्लाट नंबर 15 में लगी थी लेकिन प्लास्टिक उद्योग होने के कारण आग इतनी ज्यादा भयंकर थी कि कुछ ही समय में आग साथ लगते प्लाट को भी लील गई और उन्हें भी नुकसान उठाना पड़ा।
फायर ऑफिसर देवेंद्र कुमार ने कहा कि एक साथ दो उद्योगों में आग लगी थी। आग बुझाने के लिए एक गाड़ी बद्दी, दो गाड़ी नालागढ़, एक गाड़ी वर्धमान और एक परवाणू से मंगवाकर करीब साढ़े तीन घंटे में आग पर काबू पाया गया। साथ लगते अन्य उद्योगों को भी होने वाले नुकसान से बचा लिया है। करोड़ों का सामान जलकर राख हो गया है।
एएसपी बद्दी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने भी मौके का दौरा किया है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।