सोलन। कोरों पंचायत में चोरों ने दिनदिहाड़े सेंधमारी कर एक घर से करीब सवा दो लाख रुपये के गहने और साढ़े चार हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कोरों पंचायत में जब घर के सदस्य घास काटने के लिए बाहर गए थे तो चोर घर में घुस कर घटना को अंजाम दे गया। पीड़ित गीता राम पुत्र हेम राज निवासी बड़ोग पानी पंचायत कोरों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था।
घर के सदस्य सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे घास काटने निकले थे और करीब साढ़े 12 बजे वापस आ गए। इस बीच आरोपी घर में घुसा और घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने पहले दरवाजे के ताले तोड़े और उसके बाद अलमारी तोड़कर उसमें रखे आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गया। गीता राम के अनुसार अलमारी में सोने के कड़े, बड़ा हार, चेन, झुमके, तीन सोने की अंगुठी व तीन तिली समेत करीब 4500 रुपये नकद रखे थे।
आरोपी इन सबको चुराकर ले गया है। पुलिस पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ है कि आरोपी जब गांव में दाखिल हुआ था तो वह एक घर की खिड़की खोलने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान सामने के घर में सो रही एक बीमार महिला ने आरोपी को देख लिया और उससे कारण पूछा तो आरोपी ने किसी से मिलने की बात कही। इस पर महिला ने उसे गांव से चले जाने को कहा और दूसरी जगह भी बताई जहां नेपाली मूल के लोग रहते हैं लेकिन आरोपी उस जगह से आगे बढ़ गया।
महिला ने पुलिस को बताया कि इसके बाद वह वापस अपने बिस्तर पर सो गई। कुछ देर के बाद आरोपी वापस लौटा तो दोबारा महिला ने उससे पूछताछ की। महिला के अनुसार आरोपी सहमा हुआ था और जल्दी-जल्दी जवाब देकर वहां से निकल गया। महिला ने आरोपी की पहचान कर ली है। बाद में मौके पर आई पुलिस को भी महिला ने आरोपी की पहचान बता दी। अब पुलिस इस पहचान के अनुसार आरोपी की तलाश कर रही है।
जल्द होगी आरोपी की गिरफ्तारी : एसपी
पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा का कहना है कि चोरी की सूचना मिलने के बाद डगशाई से पुलिस को मौके पर भेजा गया था। आरोपी का हुलिया पहचाना जा चुका है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।