ग्राम पंचायत काहला में आतिशबाजी से जली गौशाला और साथ खड़ा पीडित व्यक्ति। स्त्रोत ग्रामीण
घास समेत बुआई का सामान जला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उपमंडल कंडाघाट की काहला पंचायत में दिवाली के दिन गोशाला जल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार आतिशबाजी और लापरवाही के कारण गोशाला जली। गनीमत रही कि आग लगते ही पशुओं को बाहर निकाल दिया गया, वरना हादसा बड़ा हो सकता था।
एक्स सर्विसेज लीग सायरी-ममलीग-जुब्बड़हट्टी के चेयरमैन सूबेदार मेजर नरेश कुमार कौंडल ने बताया कि गोशाला स्थानीय निवासी रामानंद की थी। दोपहर के समय गोशाला में आतिशबाजी घुसने से आग लग गई। जैसे ही ग्रामीणों को इसका पता चला लोग आग बुझाने दौड़ पड़े। घंटों की जद्दोजहद के बावजूद गोशाला को नहीं बचाया जा सका। उन्होंने बताया कि इस दौरान तुरंत ही पंचायत वार्ड सदस्य और ग्रामीण राजस्व अधिकारी को सूचित किया गया, जिससे पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से फौरी राहत मिल सके। गोशाला में हल, मोई और खेतीबाड़ी के औजार समेत लगभग 600 घास के पूले जलकर राख हो गए। दिवाली के दिन छुट्टे के चलते कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच पाया।