पंचायती राज और नगर निगम चुनाव की मतगणना को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता किए इंतजाम
सभी केंद्रों पर 108 पुलिस जवान तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में पंचायती राज संस्थाओं और नगर निगम के चुनावों की मतगणना को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त पूरे कर लिए हैं। यह महत्वपूर्ण मतगणना 31 मई को होगी। शांतिपूर्ण ढंग से प्रक्रिया को पूरा करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
इस मतगणना के तहत जिला परिषद के कुल 10 वार्डों, पंचायत समिति के सभी 78 वार्डों और नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों के वोटों की गिनती की जाएगी। शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना संपन्न कराने के लिए बीबीएन क्षेत्र को छोड़कर पूरे सोलन जिले में कुल 5 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर कुल 108 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, जिसमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिएक्शन टीम भी शामिल है। सुरक्षा को और अधिक मजबूती देने के लिए हर मतगणना केंद्र पर एक-एक होमगार्ड रिजर्व की नियुक्ति की गई है। ईवीएम और मतपेटियों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम के बाहर पहले से ही कड़ा पहरा और सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। केंद्रों पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की प्रभावी चेकिंग की जाएगी। इसके अलावा, नियमित गश्त, नाकाबंदी और सुचारू यातायात नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मैदान में उतारा गया है। एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे पूरी निष्पक्षता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। मतगणना के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
इसके साथ ही, सोलन पुलिस ने आम नागरिकों और राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे मतगणना प्रक्रिया के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखें और जिला प्रशासन व पुलिस विभाग का पूरा सहयोग करें।