बिलांवली में गौशाला निर्माण को लेकर विवाद होने पर मौके पर पुलिस जांच करते हुए।संवाद
बद्दी के बिलांवली गांव में दरगाह के पास गोशाला निर्माण को लेकर दो समुदाय में विवाद हो गया है। गांव के युवाओं का कहना है कि उन्होंने खाली शामलात भूमि पर गोशाला बनाने के लिए दस्तावेज तैयार कर निर्माण कार्य शुरू किया था। निर्माण स्थल पर समुदाय विशेष ने आपत्ति जताई।
जहां गोशाला का निर्माण किया जा रहा है उसके पास दरगाह है। इसकी देखरेख विशेष समुदाय के लोग करते हैं। विशेष समुदाय के लोगों ने गोशाला निर्माण का विरोध किया और आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ने पर मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान युवाओं ने नारेबाजी भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य को रुकवाया और जमीन की निशानदेही कराने को कहा है। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया।
पुलिस ने मौके पर उपस्थित लोगों के बयान दर्ज किए। फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। गांव के युवाओं का कहना है कि बद्दी क्षेत्र में सड़क पर छोड़े पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके कारण आए दिन सड़क हादसों हो रहे हैं। इन गायों के लिए गोशाला का निर्माण करना आवश्यक है। इसके लिए युवाओं ने सभी कानूनी दस्तावेज तैयार किए और शामलात भूमि पर निर्माण कार्य शुरू किया। युवाओं का आरोप है कि दरगाह की देखरेख करने वाले लोग इस कार्य में सहयोग देने के बजाय अवरोध पैदा कर रहे हैं। युवाओं ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जा हटाकर गोशाला निर्माण कार्य को पूरा करने दिया जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि विवादित स्थल की निशानदेही करने का कहा है। उसके बाद ही इस मामले में कार्रवाई होगी।