हरियाणा को जोड़ने वाले बालद खड़ड पर नए पुल का निर्माण कार्य करते कामगार। संवाद
दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का रखा है लक्ष्य
पुल टूटने से औद्योगिक क्षेत्र को हुआ है सबसे ज्यादा नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। एनएचएआइ ने बद्दी पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इस साल के अंत तक इस पुल को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। अगस्त माह में बद्दी को हरियाणा से जोड़ने वाले बालद खड़्ड पर पुल दो स्थानों से टूट गया था। इसके चलते वाहन चालकों को वाया बरोटीवाला होकर हरियाणा जाना पड़ रहा था। हरियाणा में मंड़ावाला और कीरतपुर के पुल टूटने से बद्दी पिजौर मार्ग भी पूरी तरह से बंद हो गया है। अब विभाग ने जहां इन तीनों स्थानों पर अस्थाई पुलों का निमार्ण करके यातायात को चालू कर दिया है। वहीं अब स्थाई पुल का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू शुरू कर दिया है। इसे दिसंबर तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार एनएचएआइ ने पुल के लिए पिलर तो पिछले वर्ष गर्मियों में ही तैयार कर दिए थे लेकिन अब इन खंभों के ऊपर गाॅर्डर और स्लैब डालने बाकी हैं। इसके लिए विभाग की और बद्दी के बालद खड्ड पर पुल निर्माण का कार्य तेज कर दिया है। विभाग ने इस पुल को तीन माह के भीतर तैयार करने का लक्ष्य रखा है। वाहन चालक कृष्ण कुमार, दीपू पंडित, हरनेक ठाकुर, बेअंत ठाकुर, नियाज मोहम्मद ने बताया कि अगस्त माह में बालद खड्ड पर बना पुल टूट गया था इसके बाद से वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
उधर, एनएचएआइ के साइट इंजीनियर दिनेश पुनिया ने बताया कि विभाग ने बद्दी बालद खड्ड़ पर बन रहे पुल को तीन माह में तैयार करने का समय निर्धारित किया है। इस पुल को प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जा रहा है। पुल के खंभे तो पहले ही बने हुए हैं। अब पुल के गाॅर्डर व स्लैब का कार्य तेजी से किया जा रहा है।