पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियों से होंगी बैठकें एसपी बद्दी ने ली एनसीओआरडी की मासिक बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस की नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) की मासिक बैठक में नशे के अवैध व्यापार को रोकने और युवाओं को जागरूक करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एसपी विनोद धीमान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान यह गंभीर मुद्दा उठा कि बाहरी राज्यों के अपराधी नशा मुक्ति केंद्रों में शरण ले रहे हैं, जिसके समाधान के लिए सभी थाना प्रभारियों को इन केंद्रों में रह रहे व्यक्तियों के चरित्र सत्यापन के निर्देश दिए गए।
शिक्षण संस्थानों को सुरक्षित बनाने के लिए प्रत्येक विवि में शिकायत पेटी लगाने का निर्णय लिया गया, ताकि कैंपस के अंदर या बाहर सक्रिय तस्करों को दबोचा जा सके। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूकता फैलाने, शिक्षण संस्थानों के पास तंबाकू बिक्री पर रोक लगाने के लिए कोटपा अधिनियम के तहत निरंतर चेकिंग करने और पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियों की मासिक बैठक सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी की सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सामुदायिक सहयोग से इस सामाजिक बुराई का पूर्ण रूप से उन्मूलन किया जाएगा।