बारिश के बाद सड़क की हालत हुई और खराब हुई, लोग हो रहे परेशान
विज्ञापन
एनएचएआई को अवगत कराने के बावजूद भी नहीं हो रही कोई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बीबीएन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से बालद पुल से भुड तक गड्ढों से भरी सड़क की मरम्मत में लगातार हो रही उपेक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। सड़क की खस्ताहालत के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन पर बद्दी और नालागढ़ के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। उद्योग संघ के अध्यक्ष वाईएस गुलेरिया ने कहा कि बालद पुल से भुड तक एनएच 21ए पर सड़क की दयनीय स्थिति बनी हुई है। सड़क अत्यधिक खराब हो चुकी है जिसके कारण बार-बार दुर्घटनाएं, ट्रैफिक जाम और अत्यंत धीमी यातायात चल पा रहा है। लोग अपने कार्य स्थलों पर देरी से पहुंचते हैं। इस मुद्दे को कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
संघ के महासचिव रजनीश ने बताया कि हाल ही में हुई शीतकालीन वर्षा के बाद भुड से नालागढ़ के बीच सड़क की स्थिति भी खराब हो गई है, जहां अनेक गड्ढे पड़ गए। संघ ने बालद पुल से नालागढ़ तक सड़क की तत्काल मरम्मत और नियमित रखरखाव की मांग की है।