भाषा एवं संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम कोठों में होगा कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश में उच्च शिक्षा को नई दिशा देने के लिए 25 सितंबर को सोलन में कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। हिमाचल प्रदेश निजी शैक्षणिक संस्थान नियामक आयोग की ओर से भाषा, कला एवं संस्कृति सभागार कोठों सोलन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य निजी विश्वविद्यालयों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना और प्रदेश में शोध, नवाचार तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए नया रोडमैप तैयार करना है।
आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह और ललित कुमार ने कहा कि कार्यक्रम सुबह नौ से शाम पांच बजे तक चलेगा। इसमें प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों के प्रमोटर, संस्थागत योगदानकर्ता, कुलपति, कुलसचिव, शिक्षक और विद्यार्थी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्राथमिकताओं और सहयोगात्मक कार्यप्रणाली पर मंथन करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री का विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों के साथ सीधा संवाद होगा। इस दौरान युवा अपने विचार और सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा की दिशा और सरकार की प्राथमिकताओं पर भी संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व शैली और दृष्टिकोण पर आधारित एक वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया जाएगा। दोपहर बाद होने वाली पैनल चर्चा में प्रदेश के सभी निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल होंगे। इसमें निजी सहयोगात्मक प्रयासों, ज्ञान के आदान-प्रदान, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने और उच्च शिक्षा में उत्कृष्टता हासिल करने पर चर्चा होगी। यह प्रयास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए है। इसका लक्ष्य निजी विवि के साथ सहयोगात्मक कार्यप्रणाली को मजबूत करना है। इस मंच पर संस्थान अपने मसले मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे।