संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। दून विस क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लगभग 98 करोड़ रुपये की 16 विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान चंडी में मुख्यमंत्री ने 41.71 करोड़ रुपये की सात विकास परियोजनाओं के लोकार्पण किए।
इनमें चंडी क्षेत्र के लिए बालद खड्ड से 21.69 करोड़ रुपये से निर्मित पेयजल योजना का उद्घाटन, 2.69 करोड़ रुपये से पेयजल योजना कैंथा-चंडियार के संवर्द्धन, 1.38 करोड़ रुपये से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबा हरिपुर, खेरनवाला में 1.10 करोड़ रुपये से निर्मित पुल, बगवाला बरसेन में 95 लाख रुपये से निर्मित पुल, 6.06 करोड़ रुपये लागत की गंभर पुल-मरहेटा सड़क व पुल और 7.84 करोड़ रुपये के 33 केवी विद्युत उप केंद्र गोयला का लोकार्पण शामिल है।
इन परियोजनाओं की रखी आधारशिला
दून हलके के लिए लगभग 55.82 करोड़ रुपये की नौ विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। 1.46 करोड़ रुपये लागत से जल शक्ति अनुभाग पट्टा में विभिन्न पेयजल योजनाओं के सुधार कार्यों, गंभर खड्ड से 2.19 करोड़ रुपये की पेयजल योजना बड़ोटा, जल शक्ति उपमंडल चंडी में 6.88 करोड़ की पेयजल योजनाओं के स्रोतों के सुदृढ़ीकरण, 1.92 करोड़ से निर्मित जिला फॉरेंसिक इकाई बद्दी, 26.82 करोड़ रुपये से पट्टा गोयला चंडी सड़क के उन्नयन कार्य, 12.43 करोड़ रुपये से पट्टा-घरेड़ सड़क के उन्नयन कार्य, काटल की नाली-चंडी घ्याण सड़क पर 2.17 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले पुल, 1.40 करोड़ रुपये लागत के खरोटा पुल और ठकराना में 55 लाख रुपये से निर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास शामिल हैं।
ये की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने चंडी में राजकीय महाविद्यालय खोलने, पट्टा महलोग में लोक निर्माण विभाग का मंडल कार्यालय खोलने, उपतहसील कृष्णगढ़ का दर्जा बढ़ाकर तहसील में स्तरोन्नत करने, जाडला में आयुर्वेदिक औषधालय और शेरला में पशु औषधालय खोलने की भी घोषणा की।
साई में पशु औषधालय का दर्जा बढ़ाकर पशु अस्पताल करने, राजकीय माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर और राजकीय माध्यमिक पाठशाला घ्याण को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने, राजकीय उच्च पाठशाला भटोली कलां को स्तरोन्नत कर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनाने, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कृष्णगढ़ (कुठाड़) में वाणिज्य संकाय की कक्षाएं आरंभ करने की भी घोषणा की।
आईटीआई पट्टा में फिटर ट्रेड शुरू करने, ढकरयाणा और मंडेसर पंचायत में नए अलग पटवार वृत्त खोलने, गांव बेहमंडी, अलेटा, अंबका, जसुआना, बेहक्नेता और माजरी को पटवार वृत्त कौंडी से हटाकर पटवार वृत्त कंडोल में शामिल करने और जगजीतनगर पंचायत के शासल गांव को भावगुढ़ी पटवार वृत्त से निकालकर जगजीत नगर पटवार वृत्त में शामिल करने की भी घोषणा की।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, पूर्व विधायक केएल ठाकुर और विनोद चंदेल, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैणी, राज्य गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य मौजूद रहे।