सोलन। प्रदेश सरकार के निर्देशों के बाद जिला सोलन में भी स्कूल खोलने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 15 फरवरी को खुलने वाले स्कूलों में अध्यापक माइक्रो प्लान तैयार कर रहे हैं। स्कूलों की साफ-सफाई सहित सैनिटाइजेशन का कार्य भी शुरू कर दिया है। पहली से चौथी तक की कक्षाओं को छोड़कर सभी स्कूलों को सोमवार से खोलने की तैयारी है।
कोविड नियमों को देखते हुए अधिक बच्चे एकसाथ एकत्र नहीं होंगे। इसके चलते अभी सुबह की प्रार्थना सभा आयोजित नहीं की जाएगी। इसके अलावा बच्चों और स्टाफ की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी और समय-समय पर बच्चों को हाथ साफ करने के लिए भी कहा जाएगा। छुट्टी के बाद सभी कक्षा के कमरों को रोज साफ कर सैनिटाइज किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार जिले में 767 प्राथमिक और 143 माध्यमिक स्कूल हैं। इनमें से पांचवीं और आठवीं की कक्षाएं ग्रीष्मकालीन स्कूलों में लग रही थी। अब पहली से चौथी तक की कक्षाओं को छोड़कर सभी कक्षाएं शुरू की जा रही हैं। इसके स्कूलों को निर्देश दे दिए गए हैं। स्कूलों को एसओपी का पालन करना होगा। जिले सोलन के कंडाघाट, धर्मपुर और कुठाड़ शिक्षा खंडों में ही शीतकालीन स्कूल 15 फरवरी से खुलेंगे।
स्कूलों में अध्यापकों की कमेटी का किया है गठन : रोशन जसवाल
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक रोशन जसवाल ने कहा कि स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू करने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत सैनिटाइजेशन, साफ-सफाई और थर्मल स्कैनिंग के लिए अध्यापकों की कमेटियां बनाई हैं। पानी की टंकियों की सफाई करवाई जा रही है। पूरे स्कूल परिसर और को सेनिटाइज किया जा रहा है। निर्देशों का पालन करने के बाद ही विद्यार्थियों को बुलाया जाएगा।