अर्की (सोलन)। नगर पंचायत अर्की की परिधि में सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने पर अब शुल्क चुकाना होगा। शुल्क की अदायगी नगर पंचायत के खाते में जाएगी। पंचायत छह घंटे गाड़ी खड़ी रखने पर 25, 12 घंटे गाड़ी खड़ी करने के एवज में सौ रुपये की वसूल करेगी। यह आदेश मंगलवार को अर्की में नगर पंचायत की बैठक में लिए गए हैं।
बैठक प्रधान वीना ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें निर्णय लिया गया कि कोर्ट से पार्किंग तक नजदीक उपमंडल अधिकारी कार्यालय में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों से पार्किंग शुल्क वसूला जाएगा। 2 घंटे के 10, 4 घंटे के 15 रुपये, 6 घंटे के 25 रुपये और 12 घंटे के 100, एक माह तक गाड़ी खड़ी करने के 15 सौ रुपये मासिक वसूला जाएगा। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2018 -19 के लिए 31 जनवरी 2020 तक गृहकर सर्वेक्षण पूरा करने के बारे में चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि बातल स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में नप का खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से स्थानांतरित कर दिया जाएगा। वहीं तंबाकू से बने उत्पादों की बिक्री के लिए लाइसेंस न बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में नागरिक चिकित्सालय में सिविल सप्लाई की वर्षों से बंद पड़ी दवाई की दुकान को खोलने के लिए सरकार से आग्रह किया गया। पंचायत प्रधान वीना ठाकुर ने कहा कि बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा की गई है उन्हें तत्काल लागू करने के प्रयास किए जाएंगे। बैठक में पार्षद आशा परिहार, सावित्री गुप्ता, तुलसी गुप्ता, कमल कुमार, प्रदीप शर्मा, हंसराज गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।