मेयर को सौंपा ज्ञापन, कहा जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में पेयजल संकट, कूड़े के अनियमित उठान और सफाई करों में वृद्धि के विरोध में नागरिक सभा ने महापौर को ज्ञापन सौंपा। 28 अक्तूबर को सौंपे गए ज्ञापन में सभा ने समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
सभा के अनुसार, शहर के कई क्षेत्रों में पिछले छह महीनों से पेयजल संकट बना हुआ है। कई जगह आठ से नौ दिनों के अंतराल पर पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, नियमित रूप से कूड़ा न उठाए जाने से गंदगी फैल रही है। इसके बावजूद सफाई करों में वृद्धि से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
सभा ने सभी वार्डों में नियमित पेयजल आपूर्ति और समय पर कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सफाई करों में की गई वृद्धि की समीक्षा और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया।
महापौर ने ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि अगले चार से पांच दिनों में पेयजल समस्या दूर कर दी जाएगी। नागरिक सभा ने उम्मीद जताई कि नगर निगम प्रशासन तय समय में समस्याओं का समाधान करेगा।
नागरिक सभा के संयोजक संजीव और सह-संयोजक अजय कुमार ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ, तो सभा लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनआंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देने की अपील की।