बद्दी पुलिस ने की आधुनिक इंटेलीजेंट ड्रोन की शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी पुलिस अब चिट्टा और खनन माफिया की धड़पकड़ के लिए आधुनिक इंटेलीजेंट ड्रोन का उपयोग करेगी। यह अत्याधुनिक ड्रोन जिसे उन्नत यूएवी के नाम से जाना जाता है, विभिन्न मिशन-क्रिटिकल अनुप्रयोगों के लिए डिजाइन किया गया है। ड्रोन निगरानी और तस्करी रोधी अभियानों में विशेष रूप से उपयोगी होगा।
एसपी इलमा अफरोज ने बताया कि यह इंटेलीजेंट ड्रोन विभिन्न परिचालन वातावरणों और अनुप्रयोगों में उड़ान भरने में सक्षम है, जिससे पुलिस जिला बद्दी में चिट्टा-अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। बद्दी पुलिस की साइबर इंटेलिजेंस टीम ने इन ड्रोनों का व्यक्तिगत रूप से परीक्षण किया है। इन ड्रोनों का सभी तरह का परीक्षण करने के बाद आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जल्द बद्दी पुलिस के बेड़े में शामिल किया जाएगा। इससे पुलिस टीमों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से निगरानी रखने में सहायता मिलेगी। एसपी ने कहा कि ये एडवांस इंटेलीजेंट ड्रोन पुलिस टीमों के कार्यों में अधिक सटीकता और दक्षता प्रदान करेंगे, जिससे अवैध गतिविधियों पर अधिक प्रभावी ढंग से निगरानी रख सकेंगे।