नालागढ़ (सोलन)। संस्कृत भारती की ओर से नालागढ़ में आयोजित 10 दिवसीय प्रबोधन वर्ग के सातवें दिन संस्कृत भारती हिमाचल प्रदेश के प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि भविष्य में प्रदेश में बच्चों को संस्कृत बाल केंद्रों से संस्कारित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को बाल संस्कार केंद्र संचालित करने का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान बाल संस्कार केंद्रों के दूरगामी और सकारात्मक प्रभावों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि नालागढ़ में 1 जनवरी से शुरू प्रबोधन वर्ग में 94 शिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण कार्य के लिए 11 प्रशिक्षक कार्यरत हैं, जबकि 9 लोग वर्ग की प्रबंधन व्यवस्था में सहयोग कर रहे हैं। इस अवसर पर वर्ग शिक्षक डॉ. संतोष कुमार, आचार्य तिलक राम शर्मा, राकेश कुमार, यश भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। संवाद