वार्ड नंबर पांच के लोअर बाजार के एक हिस्से की सड़क को पैवर्स बिछाकर चकाचक करके नप ने वाहवाही तो लूटी लेकिन सड़क का कार्य पूरा होने के बाद नालियों के चैंबर और गंदगी साफ करना नगर परिषद भूल गया। इससे इस बाजार में गंदगी का आलम है। व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। बरसात के मौसम में जलजनित रोगों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है। ऐसे में कारोबारियों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय निवासी विनोद कुमार, राजीव, सीमा, विक्रम, राजेश, ऋतिका, निशांत, अनिल, मनोज, विजय और सचिन ने कहा कि बरसात के मौसम में फैली बदबू से बाजार से गुजरना मुश्किल हो रहा है। लोगों ने नगर परिषद से व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
परिचर्चा
01- कारोबारी राकेश पुरी का कहना है कि हाल ही में पैवर्स बिछे हैं। शूलिनी मेले के दौरान यह कार्य हुए हैं। लेकिन नालियों के ढक्कन बंद नहीं हुए हैं। गंदगी और बदबू से कारोबार प्रभावित हो रहा है।
02- कारोबरी टीना गोयल ने कहा कि वार्ड पांच के इस लोअर बाजार मेें पेवर्स तो लग गए हैं। लेकिन उसके बाद नालियों की सफाई नहीं हो सकी है। जहां तोड़फोड़ हुई है, वह जगह दुरुस्त नहीं की जा सकी हैं। इससे गंदगी का आलम रहता है। कारोबार पर असर पड़ता है।
03- कारोबारी पवन गुप्ता ने कहा कि उनकी दुकान के बिल्कुल सामने गटर का ढक्कन खुला पड़ा है। सारी गंदगी नाली में गिरती है। बरसात के दिन में समस्या अधिक विकराल है। कारोबारी गंदी बदबू के चलते प्रभावित हैं तो जलजनित रोगों का खतरा है।
04- कारोबारी सन्नी बंसल ने कहा कि नगर परिषद को चाहिए कि इस स्पॉट को दुरुस्त करें। अन्यथा कारोबारियों का प्रतिनिधिमंडल इस संबंध में शिकायत सौंपेगा। कहा कि बीमारी का खतरा है। साथ ही नगर परिषद के गैर जिम्मेदाराना रवैये से यहां से गुजरने वाले लोग भी प्रभावित होते हैं।
जल्द दूर होगी समस्या : डॉ. प्रियंका
पार्षद डॉ. प्रियंका का कहना है कि जल्द ही चैंबर बिछाए जाएंगे। नालियों को कवर करने के लिए टेंडर हो चुके हैं। ठेका आवंटित हो चुका है। ठेकेदार को इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि जल्द ही लोअर बाजार में इस समस्या को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
जल्द सुधरेगी व्यवस्था : गुप्ता
नप अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि हर वार्ड में नालियों को अंडरग्राउंड करने का प्रस्ताव है। वहीं वार्ड में अगर ऐसी परेशानी है तो उसे दुरुस्त करने के प्रयास किए जाएंगे। जल्द वार्ड में दौरा करके व्यवस्था को सुधारा जाएगा।
बाजार से जुड़ी समस्या को शेयर करें 9418290903 पर
बाजार और कारोबारियों से जुड़ी किसी भी समस्या को आप व्हाट्स ऐप नंबर 9418290903 पर शेयर कर सकते हैं। आपकी समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। साथ ही उसके निदान के प्रयास किए जाएंगे। आपकी आवाज संबंधित अधिकारियों और व्यापार मंडल तक पहुंचाई जाएगी।