संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी के लक्कड़ डिपो के समीप हीर गुज्जर के चारे में आग लगने से एक लाख रुपये का नुकसान हो गया। आग बिजली की लाइन से चिंगारी भड़कने से लगी। फायर ब्रिगेड ने पानी डालकर आग बुझाई लेकिन तब तक काफी चारा जल चुका था।
लक्कड़ डिपो के समीप हीर गुज्जर गुलाम रसूल और सद्दाम हुसैन ने बालद खड्ड के किनारे चारा (पराली) का ढेर लगाया था। इस साल बीबीएन में धान में रोग लगने से पराली नहीं मिल रही थी। इन दोनों भाइयों ने पंजाब से करीब 50 बीघा जमीन पर लगे धान की पराली खरीद ट्रैक्टर से बद्दी पहुंचाया।
पराली को अपनी झोपड़ी के साथ एचटी लाइन के नीचे रखा था। शुक्रवार तड़के तारों के आपस में टकराने से उठी चिंगारी सूखी पराली पर गिर गई जिससे आग लग गई।
पंचायत प्रधान बेबी राम और पूर्व प्रधान भाग सिंह ने बताया कि उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने पानी डाल कर आग पर काबू पाया लेकिन 90 फीसदी पराली जल चुकी थी। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है।