सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने सुलझाया मामला
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं तीन आपराधिक मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। परवाणू के दत्यार स्थित पेट्रोल पंप के समीप से चोरी हुई कार पुलिस ने बरामद कर ली है। मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहिल पुत्र शिवाकर निवासी पुरला, सेक्टर-2, परवाणू के रूप में हुई है। उसे सेक्टर-6 परवाणू से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, सिरमौर निवासी शर्मा चंद ने 11 नवंबर को पुलिस थाना परवाणू में कार चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर को अपनी कार दत्यार स्थित पेट्रोल पंप के समीप खड़ी की थी। 10 नवंबर को टायर पंचर होने पर उन्होंने उसे बदलने के लिए खोला था। इस दौरान कार की चाबी गाड़ी में ही रह गई। 11 नवंबर को जब वह पत्नी के साथ पीजीआई जाने के लिए पहुंचे तो कार गायब थी। आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान हुई। पुलिस ने साहिल को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की कार बरामद कर ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अपहरण का एक मामला पुलिस थाना परवाणू और चोरी के दो मामले पुलिस थाना कसौली व धर्मपुर में दर्ज हैं।
उधर, एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने कार चोरी का मामला सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन बरामद कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।