डिजास्टर मैनेजमेंट कार्यालय की निचले तल में बनेगा केंद्र
निगम ने लगाए टेंडर, जल्द शल्य कक्ष का काम होगा शुरू
शहर में आवारा कुत्तों के आतंक से लोग हैं परेशान, आ रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में नगर निगम कार्यालय के साथ 40 लाख रुपये से श्वान नसबंदी (डॉग स्टरलाइजेशन) केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम की ओर से टेंडर लगा दिए हैं। जल्द ही शल्य कक्ष का कार्य शुरू होगा। काम के पूरा होने के बाद कुत्तों की नसबंदी के लिए शिविर लगाए जाएंगे। यह सेंटर डिजास्टर मैनेजमेंट कार्यालय के निचले तल में बनाया जाएगा। इसके बाद यहां पर आवारा कुत्तों की नसबंदी की जाएगी। इससे शहर में कुत्तों की संख्या कम होगी। नसबंदी के बाद करीब तीन दिन तक उसे केंद्र में ही रखा जाएगा और केंद्र में ही देखभाल की जाएगी। अभी तक आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए शिविर लगाए जाते थे। लेकिन बीते काफी वर्षों नसबंदी के लिए कोई शिविर नहीं लगाया गया है। वहीं कुत्तों की नसबंदी के लिए शहर में अभी तक अलग से कोई भी ऑपरेशन थियेटर नहीं है। इससे काफी दिक्कतें आती थीं और नसबंदी के बाद कुत्तों को रखने में भी काफी परेशानी होती थी। इसे देखते हुए अलग से ऑपरेशन थियेटर बनाने का निर्णय नगर निगम ने लिया है।
गौर रहे कि नगर निगम के 17 वार्डों में इन दिनों कुत्तों का काफी आतंक है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। अधिकतर बच्चे को काफी समस्या झेलनी पड़ती है। आवारा कुत्तों के आतंक के कारण कई लोगों को काट भी चुके हैं। वार्डों में लोग घूमने में भी काफी डर रहे हैं। सुबह के समय सैर करने वाले लोग भी कुत्तों के डर से घरों से बाहर निकलने पर कतरा रहे हैं। इसे लेकर नगर निगम को भी लोग शिकायत कर चुके हैं। अब नगर निगम ने नसबंदी केंद्र ही बनाने का निर्णय लिया है। जिसके टेंडर लगा दिए हैं। इसके बनने के बाद कुत्तों को संबंधित क्षेत्र से उठाकर नसबंदी की जाएगी और वापस वहीं छोड़ दिया जाएगा।
इनसेट
शहर में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नगर निगम शहर में 40 लाख रुपये से डॉग स्टेरलाइजेशन सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर लगा दिया गया है। जल्द ही ऑपरेशन थियेटर का काम शुरू होगा।
-ऊषा शर्मा
महापौर नगर निगम सोलन