रक्त संकट गहराया, ब्लड बैंक में केवल 19 यूनिट ब्लड बाकी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रक्त संकट फिर गहराता जा रहा है। कुछ दिनों पहले अस्पताल प्रशासन को रक्तदान शिविर से 15 यूनिट रक्त मिला था, जिसके बाद ब्लड बैंक में रक्त यूनिट की संख्या 30 के पार पहुंच गई थी। इसके बाद अब दोबारा से अस्पताल के ब्लड बैंक में केवल 19 यूनिट रक्त ही बाकी रह गया है। वहीं एबी और ओ नेगेटिव ब्लड पूरी तरह से खत्म हो गया है।
ऐसे में अब अस्पताल में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को एबी और ओ नेगेटिव ब्लड के लिए ब्लड डोनर को साथ लेकर आना पड़ रहा है। ऐसे में उन्हें अधिक परेशानी से जूझना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्रीय अस्पताल के ब्लड बैंक से जिले के अन्य अस्पतालों को भी रक्त भेजा जाता है। इसके अलावा अस्पताल में ए पॉजिटिव ब्लड की पांच यूनिट बाकी बची हैं। वहीं बी पॉजिटिव की दो, ओ पॉजिटिव की छह और एबी पॉजिटिव की चार यूनिट शेष हैं। इसके अलावा ए और बी नेगेटिव के केवल एक-एक यूनिट ही ब्लड बैंक में हैं। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर राकेश पंवार ने बताया कि नेगेटिव ब्लड यूनिट काफी रेयर होता है। ऐसे में यह यूनिट ब्लड बैंक में अधिक समय तक नहीं रखी जाती है। इसके अलावा अब ठंड के समय रक्तदान शिविराें की संख्या भी कम हो जाती है। उन्होंने आग्रह किया है कि इच्छुक व्यक्ति अस्पताल में आकर ब्लड डोनेट कर सकते हैं।