गर्मी के दौरान लोगों को हुई परेशानी, बड़ा हादसा टला
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू के बिजली सब स्टेशन में बुधवार शाम अचानक केबल में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होते ही उससे जुड़ी अन्य तारों ने भी आग पकड़ ली, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों की सूझबूझ और तत्परता के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
क्षेत्र में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों और उद्योगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परवाणू बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता विकास गुप्ता ने बताया कि सब स्टेशन में एक केबल में ब्लास्ट हो गया। कर्मचारियों की मुस्तैदी के चलते बहुत बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। उन्होंने कहा कि यदि आग अधिक फैल जाती तो सब स्टेशन में लगे करोड़ों रुपये के विद्युत उपकरणों को भी भारी नुकसान हो सकता था। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत का कार्य जारी है, जिसमें कम से कम चार घंटे का समय लग सकता है।