एक माह पहले मशीन में आने से कट गई थी महिला की अंगुलियां
भारतीय मजदूर संघ ने निगम के क्षेत्रीय निदेशक को पत्र लिखा, उठाई जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी की एक निजी कंपनी के संचालकों ने ईएसआई स्वास्थ्य लाभ का फायदा गलत तरीके से लिया है। कंपनी में कार्यरत पंजीकृत महिला के नाम पर इसका फायदा उठाया गया।
भारतीय मजदूर संघ के जिला महासचिव राजू भारद्वाज ने बताया कि बद्दी की एक कंपनी में ठेकेदार के पास कार्य करने वाली एक महिला की कंपनी की मशीन में तीन अंगुलियां कट गई। कंपनी के प्रबंधक ने घायल महिला को ईएसआईसी के काठा स्थित अस्पताल लाया गया। जहां उसका नाम किसी अन्य महिला के नाम पर पर्ची बनाई गई। घायल महिला को दूसरे नाम बताने के लिए दबाव बनाया गया। बाद में कंपनी ने महिला का ईएसआईसी में पंजीकरण करवा दिया। बाद में कंपनी ने महिला को काम से निकाल दिया है।
घायल महिला विकलांग होने पर पेंशन लगाने की मांग कर रही है। राजू भारद्वाज ने कहा कि इस मामले में कंपनी के साथ-साथ निगम के कर्मचारियों की मिली भगत है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
निगम के क्षेत्रीय निदेशक संजीव कुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले की जांच की जाएगी। शाखा प्रबंधक को जांच का जिम्मा सौंपा है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।