बद्दी(सोलन)। बीबीएन क्षेत्र के बैरियर 16 सितंबर से बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के लिए खुल सकते हैं। दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष शिमला में यह समस्या रखी। इस पर सीएम ने बुधवार से बीबीएन के सभी बैरियरों को आम लोगों के लिए खोलने का आश्वासन दिया है। कोरोना के चलते बीबीएन के सभी बैरियर बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों को लिए बंद कर दिए गए थे। इनमें उपायुक्त कार्यालय से ऑनलाइन अनुमति लेने के बाद बाहरी राज्य में प्रवेश दिया जाता था।
बीबीएन में अधिकांश कामगार और कर्मचारी हरियाणा राज्य के पिंजौर, पंचकूला, चंडीगढ़ से आते थे जिन्हें बैरियरों पर रोक दिया जाता था। अब दून के विधायक को प्रयासों से कामगारों को राहत मिलेगी। कामगार बिना किसी रुकावट से अपने ड्यूटी पर आ सकेंगे। हिमाचल के सिरमौर जिले के कामगारों को बद्दी आने के लिए बीच में हरियाणा पड़ता था, उन्हें भी अब आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि उनकी मुख्यमंत्री से बातचीत हुई है और मुख्यमंत्री के समक्ष बैरियरों को आम लोगों के लिए खोलने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधायक को आश्वासन दिया कि मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव पारित कर बीबीएन के बाहरी राज्यों की सीमा पर लगे बैरियरों को बुधवार से खोल दिया जाएगा।