ग्रामीण नाले व तालाब का पानी पीने को हो रहे मजबूर
नालों का पानी पीने से जलजनित रोग फैलने की संभावना
पेयजल योजना की मोटर जलने से पैदा हुई समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। सौढ़ी पंचायत की बैह-मंडी पेयजल योजना पिछले चार दिनों से बंद पड़ी है। योजना की मोटर जलने से यह समस्या आई है। लोग प्राचीन जल स्रोतों से पानी पीने को मजबूर हैं। ऐसे में यहां पर जल जनित रोग फैलने की आशंका बनी हुई है। सौढ़ी पंचायत के बैह मंडी गांव में पिछले चार दिन से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण गांव के 22 परिवारों की 150 की आबादी तालाब और नालों के गंदा बरसाती पानी पीने को मजबूर है।
गांव के भाग सिंह चंदेल, ज्ञान चंद, अमर चंद, जिया लाल, राम प्रताप, किशोरी लाल, परमानंद और राम चंद आदि ग्रामीणों ने कहा कि अगर दो दिन में गांव में पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता बद्दी कार्यालय का घेराव करेंगे।
उधर, जल शक्ति विभाग के जेई बलजीत सिंह ने बताया कि योजना की मोटर जल गई है। मोटर ठीक करने को दी गई है। जैसे ही मोटर मरम्मत हो कर आती है तो योजना को चला दिया जाएगा।