शमरोड, अर्की समेत कई जगहों में हुआ कार्यक्रम
मतदाताओं को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/अर्की। लोकसभा चुनाव में वोट प्रतिशतता को बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लोगों को मतदान करने के लिए आग्रह किया जा रहा है। इस अभियान के तहत शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शमरोड में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उच्च शिक्षा उपनिदेशक डॉ. जगदीश चंद नेगी ने की।
शत प्रतिशत मतदान करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि मतदान दिवस को एक पर्व के रूप में मनाना चाहिए। सभी को इस पर्व में भागीदार बनाने के लिए निर्वाचन विभाग पूर्ण रूप से प्रयासरत है। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. बीएन कमल ने निर्वाचन विभाग की ओर से 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं और दिव्यांग मतदाताओं को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं अर्की स्कूल में भी विशेष जागरुकता अभियान चलाया गया। स्वीप नोडल अधिकारी प्रो. यशपाल शर्मा और डॉ. हेमराज सूर्य ने बताया कि निर्वाचन विभाग अर्की मतदाता जागरुकता के लिए सतत प्रयास कर रहा हैं। उन्होंने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की।
इनसेट
चुनावी पाठशाला में दिया मतदान का संदेश
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट विद्यालय नवगांव में चुनावी पाठशाला आयोजित कर मतदान का संदेश दिया गया। चुनाव विभाग कर ओर से प्राप्त संकल्प पत्रों को कक्षा नौवीं से दसवीं के विद्यार्थियों को वितरित किया गया। इको क्लब के ओर से प्रश्रोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें लक्ष्मी बाई सदन ने प्रथम स्थान, शिवाजी सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनावी पाठशाला के तहत विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। उन्होंने उपस्थित सभी छात्रों व अध्यापकों से मतदान में शत प्रतिशत भागीदारी का आह्वान किया। मतदान में युवाओं का बहुत अधिक योगदान है। नवीं कक्षा से बारहवीं कक्षा के 68 विद्यार्थियों को संकल्प पत्र भी दिए। संवाद