किसी भी आपात स्थिति में करें टोल फ्री नंबर 112 व 1077 पर संपर्क
सड़क सुरक्षा जागरूकता विषय पर उपायुक्त कार्यालय में कार्यशाला आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाएं रोकी जा सकती हैं और बहुमूल्य जीवन बचाएं जा सकते हैं। राहुल जैन वीरवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरूकता पर आयोजित कार्यशाला में उपस्थित वाहन चालकों व अन्यों को संबोधित कर रहे थे।
राहुल जैन ने कहा कि सड़क सुरक्षा कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का पालन करना, जिम्मेदारी से ड्राइविंग करना और दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में जागरूकता बढ़ाना है। यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और आपात परिस्थितियों में सही जानकारी रखें, तो अनेक बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 112 या जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निशुल्क नंबर 1077 पर जानकारी दे सकता है। कहा कि सोलन में जल्द वाहन चालकों के लिए निशुल्क दृष्टि जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) सोलन अशोक चौहान ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जानकारी दी कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर 55 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। कहा कि सोलन के पुराना उपायुक्त कार्यालय में ट्रैफिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
उन्होंने सभी वाहनों चालकों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालक सुरक्षा के दृष्टिगत भारतीय मानक संस्थान द्वारा प्रमाणित का हेलमेट ही प्रयोग करें। सड़क सुरक्षा सेल शिमला की डॉ. निधि ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से लाइफ सेविंग स्कीम, हिट एंड रन व राह वीर अवार्ड योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यशाला में सुरक्षित ड्राइविंग तकनीक, सड़क चिह्न, पैदल यात्री सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग और मदिरा पीकर गाड़ी न चलाना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन कविता ठाकुर, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेंद्र राजपूत, खंड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा सहित वाहनों चालक व अन्य उपस्थित रहे।
इनसेट
कार्यशाला में नहीं पहुंचे यूनियनों के सदस्य
कार्यशाला में शूलिनी ऑटो यूनियन, टैक्सी यूनियन व ट्रक यूनियन के पदाधिकारी व सदस्यों ने किनारा किया। ट्रेड यूनियनों की हड़ताल के चलते इसमें संबंधित यूनियनों का कोई भी सदस्य नहीं पहुंचा। केवल स्कूली बच्चे इस कार्यशाला में शामिल हुए। हालांकि यह कार्यशाला वाहन चालकों के लिए ही रखी गई थी। ऐसे में उनके किनारा करने के बावजूद प्रशासन ने कार्यशाला का आयोजन किया।