पूरी 25 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग पर अड़े छात्र
मांगें न पूरी होने पर आंदोलन को तेज करने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से फीस में की गई 25 प्रतिशत बढ़ोतरी के विरोध में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की डिग्री कॉलेज सोलन इकाई ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कुलपति का पुतला जलाकर रोष प्रकट किया।
छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की ओर से फीस वृद्धि में 15 प्रतिशत की कमी करना केवल छात्रों के दबाव का नतीजा और एक आंशिक जीत है। जब तक पूरी 25 प्रतिशत फीस वृद्धि वापस नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। प्रदर्शन के दौरान छात्र कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा कोई व्यापार नहीं बल्कि हर विद्यार्थी का मौलिक अधिकार है। फीस में बेतहाशा बढ़ोतरी से गरीब, मजदूर, किसान और निम्न आय वर्ग से आने वाले परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिससे उच्च शिक्षा आम छात्रों की पहुंच से दूर हो रही है। सोलन इकाई की अध्यक्ष सेजल और सचिव विकास ने कहा कि 15 फीसदी की राहत नाकाफी है। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द ही पूरी फीस वृद्धि वापस लेने का फैसला नहीं किया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को पूरे प्रदेश स्तर पर और अधिक उग्र एवं व्यापक रूप दिया जाएगा।