एसडीएम अर्की के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
पद से हटाने और स्वतंत्र जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए फैसलों पर कड़ा एतराज जताते हुए अर्की ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष सतीश कश्यप की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से एसडीएम कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और राष्ट्रपति के नाम एसडीएम अर्की को एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगे आरोपों की कानूनी प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही उन्हें उनके पद से हटाने, उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए प्रमुख फैसलों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा करवाने तथा मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत मतदाता होते हैं और मतदाताओं का असली संरक्षक चुनाव आयोग होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम गायब करना और उन्हें उनके मताधिकार से वंचित करना पूरे देश के लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।