चायल(सोलन)। आम आदमी पार्टी 20 नवंबर को शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ विधानसभा का घेराव करेगी। इस दौरान पार्टी की ओर से रोष रैली का आयोजन भी किया जाएगा। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि प्रदेश कांग्रेस सरकार आम आदमी पार्टी की गारंटियों को तोड़-मरोड़कर जनता के सामने पेश कर रही है। इसी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव कर अपना रोष प्रकट करेंगे।
सोलन विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष, आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं अनुशासन समिति के सदस्य राजीव शर्मा ने बताया कि इस रोष प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों और आम आदमी पार्टी की गारंटियों को लेकर किए जा रहे कथित दुष्प्रचार के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे।