सुबह 10:30 बजे बंद हुआ था आभा पोर्टल, कतारों में लगे रहे मरीज आधे घंटे तक नहीं बन पाईं पर्चियां, क्रस्ना लैब में करवाने पड़े टेस्ट दूरदराज क्षेत्रों से उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे हुए थे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में आभा साइट में गड़बड़ी आने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। साइट ठप होने से आधा घंटा तक न तो ओपीडी में पर्चियां बन सकीं और न ही मरीज टेस्ट के लिए बिलिंग करवा सके। इससे मरीजों की लंबी कतारें काउंटर पर लगी रहीं।
सुबह 10:30 बजे अचानक साइट में एरर आया। इसके बाद पर्ची काउंटर में लाइन में लगे मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, पर्ची काउंटर पर बैठे कर्मचारियों ने हाथ से पर्चियां बनानी शुरू कर दीं। इससे मरीजों को कुछ राहत मिली। पर्ची बनाने के बाद मरीज ओपीडी के बाहर अपनी बारी का इंजतार करते रहे।
विज्ञापन
दूसरी ओर टेस्ट करवाने के लिए भी मरीजों की ऑनलाइन बिलिंग नहीं हो सकी। इसके बाद मरीजों को क्रस्ना लैब में टेस्ट करवाने के लिए कहा गया। दवा काउंटर पर भी इसी प्रकार का हाल देखने को मिला। साइट के न चलने से मरीजों को दवाएं देने में भी काफी दिक्कतें आईं। साइट बंद होने से दवाओं का डाटा ऑनलाइन नहीं चढ़ पाया। इसके कुछ देर बाद दवा काउंटर में तैनात स्टाफ ने दवाओं का डाटा रजिस्टर पर नोट किया और दवाइयां उपलब्ध करवाईं। करीब 11:00 बजे साइट फिर से शुरू हुई। इसके बाद मरीजों की पर्चियां बनीं और बिलिंग हो सकी।
शुक्रवार को क्षेत्रीय अस्पताल में काफी भीड़ थी। मरीज दूरदराज क्षेत्रों से उपचार करवाने के लिए पहुंचे थे। सबसे अधिक भीड़ मेडिसिन ओपीडी के बाहर देखी गई। सुबह 9:30 बजे से अस्पताल में पर्चियां बननी शुरू हो गई थीं। 10:30 बजे तक सुचारु रूप से पर्चियां बनाई गईं। इसके बाद मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
-
आभा साइट में कुछ देर के लिए दिक्कत आई थी। मरीजों की पर्चियां सुचारु रूप से बनाई गई। मरीजों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी गई।
-डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन