क्यार कनैता पंचायत का मामला, नारेबाजी के बाद बिगड़ी तबीयत
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। क्यार कनैता पंचायत में पंचायती चुनाव की ड्यूटी के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर नरेश कुमार को अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ गया। गनीमत यह रही कि समय रहते उन्हें चिकित्सा सहायता मिल गई, जिसके बाद अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जानकारी के अनुसार घटना शाम के समय की है जब पंचायत चुनाव की मतगणना समाप्त हुई थी। मतगणना के बाद प्रधान और उपप्रधान पद के उम्मीदवारों के समर्थकों की ओर से जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई। इसी गहमा-गहमी और तनावपूर्ण माहौल के बीच ड्यूटी पर तैनात सब-इस्पेक्टर नरेश कुमार को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। तबीयत बिगड़ते ही मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचित किया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस में उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया। उधर, रामशहर के थाना प्रभारी विनोद धीमान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना शाम करीब साढ़े आठ बजे की है। उन्होंने कहा कि सब-इंस्पेक्टर नरेश कुमार को समय पर इलाज मिल गया है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।