विधायक के पंचायत पहुंचने पर प्रतिनिधियों ने रखी क्षेत्र की समस्याएं
विधायक ने पंचायत रणों को दी 50 लाख के विकास कार्यों की सौगात
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू(सोलन )। सुबाथू छावनी के साथ लगती ग्राम पंचायत रणों में स्थानीय जनता के लिए आभार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नवनिर्वाचित प्रधान हिना कश्यप, उप प्रधान संजीव ठाकुर और बीडीसी सदस्य अनूप कुमार द्वारा मतदाताओं का धन्यवाद करने के लिए रखा गया था।
इस समारोह में कसौली निर्वाचन क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने ग्राम पंचायत रणों के विकास के लिए 50 लाख से अधिक के विभिन्न कार्यों को मौके पर ही स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं के लिए एक एक्सपोजर टूर की भी घोषणा की। विधायक ने समाज में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सभी उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को सकारात्मक दिशा में मोड़ें। उन्होंने रणों पंचायत में कबड्डी टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से एक कबड्डी मैट देने की बड़ी घोषणा भी की।
इस अवसर पर उप प्रधान संजीव ठाकुर ने रणों और साथ लगती अन्य पंचायतों के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए विधायक के समक्ष एक प्रस्ताव रखा। उन्होंने मांग की कि इस ग्रामीण क्षेत्र में एक पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई या कोई अन्य सरकारी तकनीकी संस्थान खोला जाए ताकि स्थानीय बच्चों को उच्च शिक्षा मिल सके।