फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Solan News: शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक के लिए लगीं कतारें

Fri, 08 Mar 2024 11:26 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोलन
विज्ञापन
विज्ञापन
भांग, बेलपत्र, धतूरा और फल चढ़ाकर भगवान शिव से मांगी कामनाएं
विज्ञापन

जटोली, पट्टा का मोड़, लुटरु महादेव मंदिर में शाम तक लगी रहीं लाइनें
महाशिवरात्रि पर्व पर शिव भक्तों ने लगाए भंडारे, लोगों की रही काफी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर में महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में आस्था का खूब सैलाब उमड़ा। भगवान शिव के दर्शनार्थ जलाभिषेक के लिए सुबह 5:00 बजे से ही भक्तों की मंदिरों में कतारें लग गईं। दिनभर लोगों ने बम-बम भोले के जयकारे लगाकर मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन किए। देर शाम तक शिव भक्त लाइन में लगे रहे और भगवान शिव के दर्शन कर अपने और परिवार की सुख समृद्धि की कामना करते रहे। वहीं मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन चलते रहे। इसके अलावा कई जगहों में भगवान भोलेनाथ की बरात भी निकाली गई। शहर में भी अपर बाजार शिव बात निकली, जो देर शाम मालरोड पहुंची।
जिला मुख्यालय के साथ लगते एशिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर जटोली में भी दिनभर लोगों की कतारें लगी रहीं। यहां पर देर शाम तक लोगों ने भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। वहीं शाम 7:00 बजे यहां पर भी भजन संध्या हुई । इसके अलावा कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर पट्टा का मोड़, कुनिहार में शिव तांडव गुफा और अर्की उपमंडल के लुटरु महादेव मंदिर में भी लोगों ने भगवान शिव के दर्शन किए।
विज्ञापन

वहीं शिवरात्रि पर लोगों ने भगवान शिवशंकर की कृपा प्राप्त करने के लिए उपवास भी रखा। शिवलिंग पर लोगों ने बेलपत्र, भांग, धतूरा और जलाभिषेक कर भगवान से सुख, समृद्धि और देश में शांति रहने की कामना की। मंदिरों समेत जगह-जगह पर शिव भक्तों ने भंडारा लगाकर प्रसाद बांटा। इसके अलावा जगह-जंगह भांग का प्रसाद भी लोगों ने ग्रहण किया। जिला मुख्यालय के नर्सिंग मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, हनुमान मंदिर, सलोगड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर समेत अन्य जगहों पर मंदिरों में लोगों की खासी भीड़ रही।

इनसेट
पट्टा मोड़ शिव मंदिर में लगा मेला
धर्मपुर (सोलन)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर पट्टा का मोड़ में मेला लगा। इस मौके पर शिवमंदिर में दूर-दूर श्रद्धालुओं ने आकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। यहां पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक लोग कतारों में लगकर भगवान के दर्शन पाने के लिए खड़े रहे। देवालय एनएच के साथ सटा होने से यहां पर खूब भीड़ शाम तक उमड़ती रही। इस दौरान लोगों ने मेले में खूब खरीदारी की। इसी के साथ भंडारे का प्रसाद भी लोगों ने ग्रहण किया। इसके अलावा शिव मंदिर सुक्की जोहड़ी में भी भीड़ उमड़ी। शिव मंदिर कमेटी के सुरेंद्र नेय्यर, विनोद, अशोर, नरेंद्र ने बताया कि हर वर्ष यहां पर भंडारे का आयोजन किया जाता है। संवाद

इनसेट
उपायुक्त ने परिवार संग पट्टा मोड़ मंदिर में नवाया शीश
सोलन। जिला उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने परिवार संग शिव मंदिर पट्टा मोड़ में माथा टेका। इसके अलावा धर्मपुर निवासी एचपीएसआईजीसी, खाद्य आपूर्ति और पंचायती राज विभाग के निदेशक राजेश्वर गोयल ने भी परिवार के साथ शीश नवाया। इस दौरान उन्होंने भंडारे का प्रसाद भी बांटा और लोगों को महाशिवरात्रि पर्व की बधाई दी। संवाद

इनेसट
कुनिहार के मंदिरों में लोगों ने किए भगवान शिव के दर्शन
कुनिहार (सोलन)। क्षेत्र के प्राचीन शिव तांडव गुफा, शिव मंदिर तालाब, प्राचीन शिव मंदिर हाटकोट, शिव गुफा डयारस, शिव मंदिर हरिपुर आदि मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ प्राचीन शिव तांडव गुफा में देखने को मिली।। समिति द्वारा गुफा में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उचित प्रबंध किए गए थे। गौर रहे कि शिव तांडव गुफा प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए विशेष भक्ति का केंद्र बना है।

इनसेट
चायल में लगी भोले भक्तों की भीड़
चायल (सोलन) सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ पंच वक्त्र महादेव मंदिर सकोड़ी में सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में भारी भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं ने यहां पर माथा टेका और शिवलिंग पर जल, दूध से अभिषेक किया। मंदिर कमेटी के प्रधान कृष्ण दत्त ने बताया के मंदिर में भजन कीर्तन हुआ। वहीं शनिवार को विशाल भंडारा होगा। कंडाघाट और सलोगड़ा के महादेव मंदिर में भी श्रद्धालु की भारी भीड़ देखी गई। संवाद

इनसेट
दाड़लाघाट में लगीं कतारें
दाड़लाघाट (सोलन)। क्षेत्र समेत आसपास के गांव में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। दाड़लाघाट में महाशिवरात्रि के महापर्व में सुबह से मंदिर में भीड़ आनी शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर बड़े उत्साह के साथ शिव दर्शन किए। जगह-जगह घोटा, फलाहार, खीर का प्रसाद बांटा गया। संवाद

इनसेट
शिवालयों में उमड़ी भीड़
बद्दी(सोलन)। बीबीएन में सभी शिवालयों को एक दिन पहले से ही दुधिया प्रकाश से सजाया गया। बद्दी के प्राचीन शिव मंदिर, बरोटीवाला, मधाला, भटोली कलां, हरिपुर संडोली, मानपुरा, किशनपुरा, खरूणी, खेड़ा, बागवानिया, नालागढ़, भाटियां, ढांग निहली, दभोटा, माजरा, पंजेहरा व जोघों स्थित शिव मंदिरों में शिवरात्रि पर लोगों की तांता लगा रहा। लोगों ने जलाभिषेक किया। बद्दी शिव मंदिर के पुजारी महंत प्यारे लाल ने बताया कि शुक्रवार को सुबह चार बजे से मंदिर को भक्तों के लिए खोल दिया गया था। रात्रि के चारों पहर पर मंदिर में जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा। संवाद
विज्ञापन


इनसेट
नर्वदेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग और शिव परिवार की स्थापना
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के वार्ड नंबर दो में नगर परिषद कार्यालय परिसर में नवनिर्मित नर्वदेश्वर महादेव के मंदिर में शिवलिंग और शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके लिए चार मार्च से ही अनुष्ठान जारी था तथा सारी विधि पूर्ण करने के पश्चात शुक्रवार को शिवरात्रि के दिन इसकी विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कर दी गई। इस अवसर पर विनोद शर्मा ने बताया कि नौ मार्च को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विनोद शर्मा, ओंकार गुप्ता, हरदीप शर्मा, सोनू, राज कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें