धर्मपुर में पेंशनरों की बैठक में भाग लेते हुए पदाधिकारी- स्रोत- पेंशनर
छठे वेतन आयोग के लंबित एरियर और मेडिकल बिलजारी करने करने की मांग रखी
संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक बुलाने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की त्रैमासिक बैठक धर्मपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर सामुदायिक भवन में आयोजित की गई। केडी शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश पेंशनर्ज कल्याण संघ के अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पेंशनरों के लंबित वित्तीय लाभों का भुगतान करने और छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत बकाया राशि जारी करने की मांग उठाई गई।
जिला अध्यक्ष केडी शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनवरी 2016 से छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू की थीं, लेकिन कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अभी तक उनके वित्तीय लाभ नहीं मिले हैं। जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की लीव इनकैशमेंट, कम्यूटेशन और ग्रेच्युटी के एरियर का भुगतान लंबित है। इससे पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा और जिला अध्यक्ष केडी शर्मा ने कर्मचारियों एवं पेंशनरों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता देने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया। उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को संशोधित वेतन आयोग-2016 के तहत दिवाली से पहले एरियर के रूप में 10 हजार रुपये देने की घोषणा का भी स्वागत किया।
आत्मा राम शर्मा ने कहा कि संयुक्त सलाहकार समिति के गठन और बैठक बुलाने को लेकर दिए गए आश्वासन अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने सरकार से जल्द संयुक्त सलाहकार समिति का गठन कर बैठक बुलाने की मांग की।