परवाणू (सोलन)। औद्योगिक शहर परवाणू में मंगलवार को एक फार्मा उद्योग में मजदूर और ट्रेड यूनियन ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने उद्योग प्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उद्योगों में श्रम कानून को लागू करने के साथ निकाले गए मजदूरों को वापस नौकरी पर रखने की मांग की गई। इस दौरान सीटू के जिला अध्यक्ष ओम दत्त शर्मा ने कहा कि मजदूर पिछले काफी समय से अपने हक के लिए आंदोलन कर रहे हैं लेकिन उद्योग प्रबंधक मजदूरों का सिर्फ शोषण ही कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उद्योग से उद्योग प्रबंधक ने बिना किसी कारण से करीब 51 मजदूर निकाल दिए हैं और नए मजदूरों की तैनाती की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उद्योग में न किसी प्रकार का श्रम कानून दिखाई नहीं दे रहा है और मजदूर अपना हक मांग रहे हैं तो उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। कहा कि मजदूरों के साथ हो रहे शोषण के खिलाफ सीटू ने कामगारों के साथ मिलकर आक्रोश रैली निकाली। फिर उद्योग के गेट के बाहर धरना प्रदर्शन किया लेकिन इसके बावजूद भी उद्योग प्रबंधक के खिलाफ जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में अब रोजाना उद्योग के बाहर धरना दिया जाएगा। ओमदत्त शर्मा ने आरोप लगाया कि उद्योग प्रबंधक बाहर के लोगों को बुलाकर उद्योग में अशांति फैला कर मजदूरों को डरा धमका रहे हैं। 14 दिसंबर को सहायक आयुक्त परवाणू कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया जाएगा।