सोलन। जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव में प्रयोग लाई जाने वाली विभिन्न सामग्री की दरें जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी सोलन राकेश कंवर जारी कर दी हैं। इसमें 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में एंपलीफायर व माइक्रोफोन के साथ लाउडस्पीकर किराए पर लेने की दर 500 रुपये प्रति जलसा प्रति दिन और 100 रुपये प्रति दिन प्रति वाहन निर्धारित की है।
नालागढ़, दून, सोलन (अनुसूचित जाति) और 54-कसौली (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में एंपलीफायर और माइक्रोफोन के साथ लाउडस्पीकर किराए पर लेने की दर 1500 रुपये प्रति जलसा प्रति दिन और 150 रुपये प्रति दिन प्रति वाहन निर्धारित की है। इसके अलावा 4 से 5 व्यक्तियों के लिए मंच निर्मित करने के लिए अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 350 रुपये प्रतिदिन, नालागढ़, दून, सोलन और कसौली विधानसभा क्षेत्र में यह दर 300 रुपये प्रतिदिन निर्धारित की गई है। 15 बाई 15 के पंडाल के लिए अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 140 रुपये प्रतिदिन, नालागढ़, दून विधानसभा क्षेत्र में 150 रुपये प्रतिदिन और सोलन एवं कसौली विधानसभा क्षेत्र में 600 रुपये प्रतिदिन की दर निर्धारित की गई है। 15 बाई 7 आकार प्रति कनात के लिए अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में प्रतिदिन 50 रुपये और सोलन एवं कसौली विधानसभा क्षेत्र में 110 रुपये प्रतिदिन खर्च करने होंगे। अर्की, नालागढ़, दून विधानसभा क्षेत्र में 18 गुणा 20 आकार के मंच के लिए प्रतिदिन 3500 रुपये और सोलन एवं कसौली विधानसभा क्षेत्र में प्रतिदिन 4000 रुपये व्यय करने होंगे।
2400 रुपये में बजेगा बैंड
अर्की विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय बैंड पर प्रतिदिन 2400 रुपये, नालागढ़, दून, सोलन और कसौली विधानसभा क्षेत्रों में प्रतिदिन 2800 रुपये खर्च करने की अनुमति होगी। 10 गुणा 15 के परदों के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र में प्रतिदिन की दर 80 रुपये, नालागढ़ और दून विधानसभा क्षेत्रों में 120 रुपये, जबकि सोलन और कसौली विधानसभा क्षेत्र में 130 रुपये प्रतिदिन की दर तय की गई है।
सीडी प्लेयर का किराया अर्की विधानसभा क्षेत्र में प्रतिदिन 220 रुपये, नालागढ़, दून, सोलन और कसौली विधानसभा क्षेत्रों में 200 रुपये प्रतिदिन तय किया गया है। अर्की विधानसभा क्षेत्र में डीजे सिस्टम का किराया 3000 रुपये प्रतिदिन, नालागढ़, दून, सोलन और कसौली विधानसभा क्षेत्रों में 3500 रुपये प्रतिदिन तय किया गया है।
यह होंगे फूलों के दाम
अर्की विधानसभा क्षेत्र में छोटे फूलों की 100 मालाओं के लिए 1075 रुपये, मध्यम आकार के फूलों की 100 मालाओं के लिए 1595 रुपये और बड़े आकार के 100 फूलों की मालाओं के लिए 2080 रुपये निर्धारित किए गए हैं। छोटे बनावटी फूलों की 100 मालाओं के लिए 1000 रुपये, मध्यम आकार के बनावटी फूलों की 100 मालाओं के लिए 1200 रुपये और बड़े आकार के बनावटी फूलों की 100 मालाओं के लिए 1500 रुपये निर्धारित किए गए हैं। नालागढ़, दून, सोलन और कसौली विधानसभा क्षेत्रों में छोटे फूलों की एक माला के लिए 7 रुपये, मध्यम आकार के फूल की एक माला के लिए 12 रुपये और बड़े आकार के फूल की एक माला के लिए 15 रुपये निर्धारित किए गए हैं।