अर्की (सोलन)। दी बाघल लैंड लूजर परिवहन सहकारी सभा ने उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने की बात कही। सभा के प्रधान रामकृष्ण शर्मा ने कहा कि कुछ बाहरी लोग सभा के खिलाफ साजिश रच रहे हैं तथा सभा को अस्थिर करना चाहते हैं। इन लोगों का मकसद सभा के सदस्यों का कारोबार प्रभावित करना है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 के दौरान सभा के लगभग 350 ट्रक फाइनेंसरों के ट्रक यार्ड में पकड़ कर खड़े रहते थे। सभा के किसी भी सदस्य को कोई ऋण नहीं देता था। मार्केट में स्पेयर पार्ट्स कलपुर्जे और डीजल उधार नहीं देता था। सभा सी श्रेणी में थी और लोगों की माली हालात खराब थी। उन्होंने बताया कि उस समय डीटीओ, बॉडी बिल्डरों के नाम पर रिश्वतें वसूल की जाती थी और सभा के सदस्य परेशान थे। लेकिन मौजूदा प्रबंधक समिति की कार्य प्रणाली से संतुष्ट होकर इसी विभाग ने प्रबंधक कमेटी की कई बार पीठ भी थपथपाई है। सभा को ए श्रेणी के ग्रेड तक पहुंचाया। वर्ष 2010 से पहले सभा का सालाना कारोबार 30 से 40 करोड़ से भी कम था जोकि 200 करोड़ तक पहुंचा। उन्होंने बताया कि सभा का करोड़ों रुपये की लागत से भवन बना है। जल्द ही टायर रबड़ लगाने की प्रक्रिया पूरी होने वाली थी। लेकिन क्षेत्र में पनप रहे माफिया और कुछ बाहरी लोगों को यह रास नहीं आया तथा सभा को राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार बनाया जा रहा है। सभा में प्रत्येक विचारधारा के लोग हैं लेकिन प्रबंधक समिति एक पेशेवर कारोबारी की तरह कार्य करती रही और कोई भी राजनीतिक द्वेष भावना से कार्य नहीं किया।
उन्होंने बताया कि कमेटी को आज भी बहुत सदस्यों का समर्थन हासिल है। सभा के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं का आज तक भी कोई चार्ज नहीं लगा है। कमेटी के सदस्यों ने कुछ मुट्ठी भर लोगों द्वारा गलत बयानबाजी करने पर उन्हें चुनौती देते हुए कहा कि कमेटी स्वयं इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़ने को ललकारती है। इस मौके पर महासचिव जोगिंदर ठाकुर, कार्यालय सचिव जयदेव ठाकुर, उपप्रधान दिनेश गांधी और पूर्व उपप्रधान भगीरथ ठाकुर मौजूद रहे।