चायल (सोलन)।
सिविल अस्पताल चायल की बत्ती गुल हो गई है। इसकी वजह से अस्पताल में अंधेरा पसरा रहता है। अस्पताल स्टाफ को अंधेरे में ठंड से जूझते हुए ड्यूटी करनी पड़ रही है। जबकि अस्पताल में दाखिल मरीजों को भी भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में बिजली न होने के कारण स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की है।
अस्पताल का नर्सिंग रूम, प्रयोगशाला, लेबर रूम में बिजली न होने से स्टाफ और मरीजों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल भवन में बिजली की तार खराब हो चुकी हैं। इसके कारण अस्पताल में बिजली बंद पड़ी है। अस्पताल में दाखिल मरीज पंतराम ने बताया कि बिजली गुल रहने के कारण मरीज ठंड में ठिठुरते हैं। जबकि सारी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ती है। अस्पताल के चिकित्सक ईशान गुप्ता ने बताया कि एक चिकित्सक रूम में बिजली नहीं है। अस्पताल का जेनरेटर भी वायरिंग खराब होने से रोशनी नहीं दे पाता है।
इस बारे में बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता विपिन कश्यप ने बताया कि बिजली सप्लाई नियमित रूप से की जा रही है। अस्पताल का करीब 2 लाख का बिजली बिल पेंडिंग है। अस्पताल की अंदरूनी व्यवस्था की वजह से बिजली सप्लई बाधित हो रही है। यह व्यवस्था अस्पताल प्रबंधन को खुद ही ठीक करवानी होगी।