फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब पंजीकृत वाहनों में ही स्कूल पहुंचेंगे छात्र

विज्ञापन
विज्ञापन
सोलन। अब हर कोई टैक्सी चालक बच्चों को अपनी गाड़ी में स्कूल नहीं छोड़ पाएगा। केवल वो ही संचालक अधिकृत होंगे जिन्हें स्कूल ने यह जिम्मेदारी सौंपी होगी। टैक्सी या दूसरे वाहनों से बच्चों को स्कूल छोड़ने वालों के पास स्कूल की तरफ से जारी प्रमाणपत्र होना जरूरी है। यह निर्देश शनिवार को सोलन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक के दौरान दिए गए। उन्होंने एक सप्ताह में टैक्सी संचालकों को स्कूल प्रबंधन के साथ अनुबंध करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा प्रत्येक स्कूल बस एवं वाहन में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम की व्यवस्था अनिवार्य होगी। एक ऐसी ऐप विकसित की जाएगी जिसके माध्यम से अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन को वाहन की सही लोकेशन की जानकारी प्राप्त हो सके। प्रत्येक विद्यालय को परिवहन प्रबंधक नामित करना होगा। स्कूल के बच्चों को ले जाने वाली बस तथा वाहन के पीछे तथा सामने प्रमुखता से स्कूल बस लिखा जाना अनिवार्य है।
विज्ञापन

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। इस दिशा में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित बनाया जाएगा।

विद्यालयों में लगाने होंगे सीसीटीवी
विद्यालयों में सीसीटीवी लगाने होंगे। इसके अलावा विद्यालय में कार्यरत सहयोगी कर्मचारियों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करनी पड़ेगी। विद्यालय में विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिए लगाई गई प्रणालियों की नियमित जांच का आग्रह किया। मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूलों का औचक निरीक्षण करने व इन सभी व्यवस्थाओं की जांच करने के भी निर्देश दिए।
विज्ञापन


ये रहे मौजूद
बैठक में जिला परिषद सदस्य शीला, भाजपा मंडल सोलन के अध्यक्ष रविंद्र परिहार, व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर, एडीएम विवेक चंदेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव कुमार, एसडीएम आशुतोष गर्ग, एसडीएम कंडाघाट संजीव धीमान, पुलिस उपाधीक्षक बद्दी खजाना राम, विभिन्न विभागाें के वरिष्ठ अधिकारी, स्कूल प्रबंधक, अभिभावक तथा टैक्सी संचालक बैठक में उपस्थित थे

प्रशासन को व्हाट्सएप पर दें जानकारी : चंदेल
एडीएम विवेक चंदेल ने लोगों से आग्रह किया कि वे प्रदेश में स्कूली बच्चों के लिए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के लिए सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में सुझाव दें। इन्हें छात्रों की सुरक्षा और जनहित के अनुरूप तैयार कर लागू किया जाएगा। चंदेल ने कहा कि लोग इस संबंध में अपने सुझाव प्रथम मई तक प्रेषित कर सकते हैं। कहा कि सुझाव व्हाट्सऐप नंबर 82196-83715 पर भेजे जा सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें