ओलावृष्टि से टमाटर और शिमला मिर्च को नुकसान
आज कुछ जगह अंधड़ का पूर्वानुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में रविवार दोपहर बारिश से मौसम ठंडा हो गया। हालांकि सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद करीब 3:00 बजे बारिश का सिलसिला शुरू हुआ और रुक-रुक कर जारी रहा। इस दौरान शहर के आसपास के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे टमाटर और शिमला मिर्च के पौधों को नुकसान पहुंचा।
इससे पहले शनिवार रात को भी तेज बारिश हुई थी। बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार के मुकाबले रविवार को दिन के तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं रविवार को यह घटकर 21.8 डिग्री रह गया। इसी तरह जिले में पिछले 24 घंटों में 5.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं शनिवार को दिन के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई थी।
नौणी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार 6 अप्रैल तक जिले में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर अंधड़ और तूफान चलने की संभावना है, जबकि कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।